भिलाई। फील परमार्थम वृद्धाश्रम, भिलाई की टीम ने आज आश्रम में निवासरत 95 से अधिक लोगों को सेक्टर-7 भिलाई स्थित सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति द्वारा तैयार की गई पाषाण युग की भव्य झांकी का दर्शन कराया। इस दौरान आश्रम में रहने वाले लोगों ने झांकी का अवलोकन किया और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लिया।

गौरतलब है कि फील परमार्थम संस्था द्वारा ऐसे लोगों को आश्रम में आश्रय प्रदान किया जाता है, जिनका कोई अपना नहीं है या जो मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण सहारे और देखभाल के मोहताज हैं। संस्था ऐसे लोगों की देखभाल कर उन्हें सुरक्षित वातावरण और अपनत्व देने का प्रयास करती है।
संस्था की टीम द्वारा 95 से अधिक लोगों को झांकी दर्शन कराने की यह पहल सराहनीय रही। इससे आश्रम में रहने वाले लोगों को घर से बाहर निकलकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बनने और खुशियों के पल बिताने का अवसर मिला। यह पहल समाज के जरूरतमंद और उपेक्षित लोगों के प्रति संवेदनशीलता, सेवा और मानवीय सहयोग का संदेश देती है।
