देवांगन समाज भवन में दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक आयोजन, महाप्रसादी का भी होगा वितरण
पाटन। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर माँ आदि शक्ति गरबा ग्रुप के तत्वावधान में 14 अक्टूबर को पाटन के देवांगन समाज भवन में एक दिवसीय गरबा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक होगा।
आयोजनकर्ताओं ने बताया कि यह महोत्सव लगातार दूसरे वर्ष आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में केवल महिलाओं को शामिल होने की अनुमति होगी। इसमें उम्र की कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है और न ही किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क रखा गया है। यदि कोई व्यक्ति प्रवेश शुल्क की मांग करता है, तो इसकी शिकायत आयोजन समिति द्वारा जारी संपर्क नंबर पर की जा सकती है।
गरबा महोत्सव के समापन के बाद महाप्रसादी का वितरण भी किया जाएगा। आयोजनकर्ताओं ने क्षेत्र की महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गरबा महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
