दुर्ग। दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर रविवार देर शाम रायपुर के माना विमानतल से दिल्ली के लिए रवाना हुए। कांग्रेस द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पार्टी के विधायक, जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, पूर्व विधायक तथा वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित छत्तीसगढ़ के अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की आवाज बुलंद करेंगे।
दिल्ली रवाना होने से पहले जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा आज एक महत्वपूर्ण सवाल बन गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका, चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, फार्म-6 में किए गए बदलावों तथा वोट चोरी जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज राष्ट्रीय मंच पर उठाएगी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। यदि मतदाता सूची और चुनावी व्यवस्था को लेकर सवाल उठते हैं, तो उनका निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए। कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों पर जवाबदेही सुनिश्चित करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर दिल्ली पहुंच रहे हैं। यह प्रदर्शन केवल किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों, निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा ले कर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राष्ट्रीय प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली रवाना हुए दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर
