पाटन महाविद्यालय में “सेवा के रंग 2026” ब्लॉक स्तरीय रंगोली निर्माण का सफल आयोजन

पाटन : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शासन के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत “सेवा के रंग 2026” कार्यक्रम में ब्लॉक स्तरीय रंगोली निर्माण का भव्य आयोजन स्थानीय शासकीय चंदूलाल चंद्राकर स्नातकोत्तर महाविद्यालय पाटन में किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नंदा गुरुवारा के मार्गदर्शन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के विशेष सहयोग से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विकसित भारत 2047 के विजन को सामने रखते हुए शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विगत 25 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों के बारे में विद्यार्थियों तथा आम जनता को परिचित कराना रहा। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत किया गया, जिसमें नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, उपाध्यक्ष निशा सोनी एवं नगर पंचायत के सभी सदस्य और अमलेश्वर नगर पंचायत के अध्यक्ष दयानंद सोनकर उपस्थित थे. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नंदा गुरुवारा ने छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगोली और उसमें चित्रित “विकसित भारत 2047” के थीम की प्रशंसा की, और विद्यार्थियों को विकसित भारत 2047 के लिए तैयार रहने हेतु प्रेरित किया. नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष योगेश निक्की भाले और अमलेश्वर के अध्यक्ष दयानंद सोनकर ने देश की कुछ उपलब्धियां को रेखांकित करते हुए विशेषकर भारतमाला परियोजना का निर्माण, एवं आंतरिक और बाहय-सुरक्षा की मजबूती के साथ ही सामाजिक समरसता का उल्लेख किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत के अन्य सदस्यों ने भी महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम और इसमें छात्रों की सहभागिता की प्रशंसा की. नगर पंचायत के सभी सदस्यों, उपस्थित प्राध्यापक और महाविद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम और रंगोली के आयोजन के. लिए प्रसन्नता व्यक्त की। रंगोली के प्रथम भाग में विकसित भारत 2047 के विजन को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया, जिसके अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान, मेक इन इंडिया, ऊर्जा सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डिजिटल इंडिया एम्पावर, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, पोषण अभियान, पीएम किसान निधि योजना तथा खेलो इंडिया युवा एवं खेल विकास जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को सजाया गया। रंगोली के इस भाग की कलात्मक सुंदरता बढ़ाने के लिए गेंदे व गुलाब के फूलों, अशोक की पत्तियों और सुंदर गमलों का प्रयोग किया गया। रंगोली के अगले भाग में भारत की डिजिटल सेवाओं की समृद्ध झलक प्रस्तुत की गई। इसके तहत डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम, भीम ऐप, रूपे कार्ड, यूपीआई, कॉमन सर्विस सेंटर, आधार कार्ड निर्माण और डिजिटल बुनियाद के अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में भारत के शुरुआती कदमों को सजीव रूप से चित्रित किया गया। इस भाग में छत्तीसगढ़ की प्रमुख पहचान धान, उससे निर्मित चावल और विभिन्न प्रकार के रंग-बिरंगे अनाजों का उपयोग कर सुंदर कलाकृतियां बनाई गईं। रंगोली के एक अन्य महत्वपूर्ण हिस्से में महिला सुरक्षा और नारी सम्मान के विषयों को उभारा गया। “शिक्षित बेटी, समृद्ध समाज” के प्रभावी नारे के साथ नारी से जुड़े सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान और अवसर जैसे कारकों को एक प्रज्वलित दीपक की तर्ज पर प्रदर्शित करते हुए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को प्रमुखता से उकेरा गया। इसके चित्रण के लिए विभिन्न प्रकार की दालों और रंगीन चावलों का प्रयोग किया गया। अंतिम हिस्से एवं रंगोली के केंद्र में भारत में विज्ञान व तकनीकी के विकास के साथ-साथ कन्या भ्रूण सुरक्षा, कन्या शिक्षा, कन्या विद्यालय तथा ‘सुरक्षित बेटी सक्षम समाज’ जैसे महत्वपूर्ण विचारों को चित्रित किया गया, जिसे विभिन्न रंगों के चावल, गेहूं, रंगीन पत्तियों तथा फूलों की पंखुड़ियों से सजाया गया। यह विस्तृत एवं संदेशप्रद रंगोली महाविद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं द्वारा निर्मित की गई। इस आयोजन के अवलोकन हेतु नगर पंचायत पाटन के सभी सम्मानीय सदस्य, महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षकवृंद, छात्र-छात्राएं, पाटन नगर के वरिष्ठ नागरिक एवं आसपास के ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित हुए और विद्यार्थियों के इस कलात्मक प्रयास की भूरि-भूरि सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *