गर्भ संस्कार से ही बच्चे के अच्छे संस्कार की नींव: शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव

  • गर्भवती महिलाओं को खुश और स्वस्थ रखने के साथ घर में शराबबंदी का लिया संकल्प


पाटन। महिला एवं बाल विकास विभाग पाटन परियोजना द्वारा ग्राम सेलूद में सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने गर्भ संस्कार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चे के अच्छे संस्कार और व्यक्तित्व की नींव गर्भावस्था से ही पड़ती है।
उन्होंने कहा कि लव-कुश तथा रावण-विभीषण एक ही मां की संतान थे, लेकिन उनके गुण और संस्कार अलग-अलग रहे। इससे स्पष्ट होता है कि गर्भावस्था के दौरान मां का खुश, स्वस्थ और सकारात्मक रहना गर्भस्थ शिशु के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पहले गर्भ संस्कार की परंपरा परिवार स्तर पर निभाई जाती थी, लेकिन अब सरकार भी इस दिशा में विशेष ध्यान दे रही है। गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के लिए शासन द्वारा पौष्टिक किट प्रदान की जा रही है। उन्होंने पुंसवन संस्कार, गोद भराई, अन्नप्राशन और स्वस्थ शिशु जैसी गतिविधियों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि बच्चे के जन्म की खुशी में घर में शराब पार्टी करने की परंपरा को समाप्त किया जाए। उपस्थित लोगों ने घर में शराब नहीं पिलाने और नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। मंत्री ने कहा कि घर का वातावरण बच्चे के स्वास्थ्य, व्यवहार और संस्कारों पर सीधा प्रभाव डालता है।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं को लव-कुश की जीवनी एवं प्रेरणादायक प्रसंग पढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि सकारात्मक विचार और अच्छा साहित्य गर्भस्थ शिशु के संस्कार निर्माण में सहायक होते हैं।
मोबाइल के बढ़ते उपयोग पर चिंता जताते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग भी एक प्रकार का नशा बनता जा रहा है। अभिभावकों को स्वयं मोबाइल के अनावश्यक उपयोग से बचते हुए बच्चों को भी इसके संतुलित उपयोग के लिए प्रेरित करना चाहिए।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों को सुविधायुक्त बनाने के लिए उपस्थित लोगों से खिलौना दान करने की अपील की, ताकि बच्चों को खेल-खेल में सीखने के लिए बेहतर वातावरण मिल सके। कार्यक्रम में “हर मुनगा घर-घर मुनगा” का संदेश भी दिया गया।आभार प्रदर्शन परियोजना अधिकारी छाया वर्मा ने की।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, सरपंच खिलेश मार्कण्डेय, छाया वर्मा, दिलीप साहू, हर्षा चंद्राकर, लोकमणि चंद्राकर,दिव्या कलिहारी, तिलोत्तमा मोदघरे, खेमलाल साहू, राकेश साहू, रानी बंछोर, खेमीन साहू,रमेश देवांगन, महेश्वर बंछोर, केवल देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *