गांधी जयंती पर सेवा संकल्प: दीपशिखा विद्यालय के विद्यार्थियों ने उमरपोटी में जगाई स्वच्छता की अलख


उतई। गांधी जयंती के अवसर पर दीपशिखा विद्यालय डुमरडीह, उतई के छात्र-छात्राओं एवं समस्त स्टाफ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। गांधीजी के स्वच्छता एवं सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत उमरपोटी में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं व्यसन मुक्ति को लेकर रैली और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने ग्रामवासियों को स्वच्छता एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संकल्पित 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में अपनी सक्रिय भागीदारी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का संकल्प लिया।
विद्यालय के प्राचार्य के. आर. सिन्हा ने सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए तन, मन और धन से सेवा करने की सार्थकता बताई। उन्होंने कहा कि सेवा की भावना व्यक्ति को विनम्र एवं सहनशील बनाती है। उन्होंने अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के संदेश “हम बदलेंगे, युग बदलेगा; हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा” को अपने आचरण एवं विचारों में उतारने की अपील की।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ग्राम पंचायत उमरपोटी के तालाब परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत उमरपोटी के सरपंच वीरेंद्र साहू एवं ग्राम पंचायत करगाडीह के सरपंच करण सेन का सराहनीय योगदान रहा।
इस अवसर पर पालक शिक्षक समिति के सदस्य घनश्याम चंद्राकर, समाजसेवी हरीश यादव, विमला कामड़े, एकता चंद्राकर, दानेश्वरी देशमुख सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *