- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिन बहनों का किया गया सम्मान, विभिन्न गतिविधियों में बच्चों व महिलाओं ने लिया हिस्सा
पाटन। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम फेकारी के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-03 में आंगन का उत्सव (आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम) आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिन बहनों को उनके सेवा एवं समर्पण के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान गोदभराई, न्योता भोज, बच्चों की कुर्सी दौड़, व्यंजन प्रदर्शनी एवं महिलाओं की कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्व पर भी जागरूक किया गया। व्यंजन प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग की जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिन बहनों की मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य, पोषण एवं जागरूकता का संदेश पहुंचाना है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत फेकारी के सरपंच यीवगेन्द्र साहू, सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष पारखत साहू, जनपद सदस्य रामसुमेर छेदैय्या, स्वास्थ्य विभाग से मेश्राम एवं चंद्राकर मैडम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ढामिन साहू, सहायिका सरिता साहू, मितानिन बहनें, ग्रामीण महिलाएं एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
