पाटन। गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत पतोरा में ग्रामसभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरपंच भुनेश्वर प्रसाद साहू, उपसरपंच देवचरण कौशल, जनपद सदस्य चंद्रिका कलिहारी सहित पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना एवं पुष्प अर्पित कर की गई।
ग्रामसभा में पंचायत सचिव नरेश कुमार महतो ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पंचायत के आय-व्यय का मदवार विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने तथा ग्राम विकास में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन की प्रस्तुति दी। वहीं सरपंच एवं उपस्थित वरिष्ठजनों ने महात्मा गांधी के विचारों, उनके उपदेशों तथा सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला।

समारोह के दौरान ग्राम की सभी मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं तथा स्वच्छताग्रही दीदियों को साड़ी भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम में उपस्थित 120 बुजुर्गों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान प्रदान किया गया। पंचायत के सचिव, सहसचिव, ऑपरेटर, भृत्य एवं पंप ऑपरेटर सहित अन्य कर्मचारियों का भी शाल-श्रीफल से सम्मान किया गया।
इस अवसर पर ग्राम निर्णय समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र वर्मा, ग्राम पटेल करण साहू, टीकाराम देवांगन (उपाध्यक्ष, पाटन मंडल), सनत वर्मा (वरिष्ठ भाजपा नेता), वरिष्ठ नागरिक भीखम देवांगन, चित्रसेन कलिहारी, मुकेश चांदने, हेमचंद ठाकुर, रूपेश कोसरे, सरस्वती साहू, कामिन देशलहरे, डिलेश्वरी साहू, दीपक साहू, गोरेलाल श्रीवास, चुम्मन साहू, नेमबाई बन्दे, राधाबाई ठाकुर, मनोज कुमार, कमलेश्वरी साहू, एकता साहू, जामुन ठाकुर, दीप्ती श्रीवास, महेश्वरी कुर्रे एवं दिलेश्वरी देशलहरे सहित ग्राम के अन्य वरिष्ठजन, पंचगण, पंचायत प्रतिनिधि, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
