पाटन। सेवा संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम बोरेंदा में आंगन मिलन उत्सव का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, माताओं, बच्चों एवं ग्रामीण महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और महिला सहभागिता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई की रस्म आयोजित की गई। इस दौरान गर्भवती माताओं को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा प्रसव पूर्व एवं प्रसव के बाद मां और शिशु की देखभाल के संबंध में जागरूक किया गया।
वहीं स्वस्थ शिशु की माता को सम्मानित कर बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए प्रेरित किया गया।पौष्टिक थाली और व्यंजन प्रदर्शन रहा आकर्षण का केंद्रआयोजन में पौष्टिक थाली एवं विभिन्न व्यंजनों का प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
महिलाओं ने स्थानीय खाद्य सामग्री से तैयार पौष्टिक व्यंजन प्रस्तुत किए और संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न खेल गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर न्योता भोज का आयोजन जनपद उपाध्यक्ष श्री कमलेश वर्मा के द्वारा कराया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मंजू, पिंकी, लक्ष्मी एवं पायल, सहायिकाएं गीता, बिमला, धान एवं राधा तथा मितानिन तुलसी एवं मीना का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा , सरपंच कामेश कश्यप, आकाश यादव, बलदाऊ एवं पर्यवेक्षक कंचन माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने आंगन मिलन उत्सव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और महिला सहभागिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।आंगन मिलन उत्सव के माध्यम से “स्वस्थ मां, स्वस्थ शिशु और पोषणयुक्त परिवार ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला हैं” का संदेश दिया गया।
