दुर्ग। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दुर्ग के शासकीय स्कूल में आयोजित विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किये और उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना किये । प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मेरे सपनों का भारत विषय पर अपने विचारों और कल्पनाओं को चित्रों एवं भाषण के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किये।

प्रतियोगिता का आयोजन कक्षा पहली से आठवीं तथा कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए दो अलग-अलग वर्गों में किया गया। नन्हे विद्यार्थियों ने रंगों और अपनी कल्पनाशीलता के माध्यम से भारत के भविष्य की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत किये वहीं बड़े विद्यार्थियों ने अपने भाषणों के माध्यम से विकसित भारत को लेकर अपने विचार साझा किए। विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान, तकनीक, पर्यावरण, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण और संस्कारों से समृद्ध भारत की कल्पना को रचनात्मक रूप से सामने रखा।
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन कर और उनसे संवाद करते हुए उनके विचारों को जाना। उन्होंने कहा कि बच्चों की कल्पना में भारत का भविष्य दिखाई देता है। विद्यार्थियों के चित्रों और भाषणों में देश के प्रति प्रेम, विकसित भारत के निर्माण की सोच और बेहतर भविष्य की आकांक्षा स्पष्ट दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी केवल भविष्य के नागरिक नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है। देश की नई पीढ़ी यदि शिक्षा, कौशल, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ेगी तो भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प और मजबूत होगा। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, विचार और रचनात्मकता को सामने रखने का अवसर मिलता है।
मंत्री श्री यादव ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करें। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपनी रुचि के क्षेत्र में लगातार सीखते रहने के लिए प्रेरित किये।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने बनाए चित्रों और प्रस्तुत किए गए विचारों के माध्यम से ‘मेरे सपनों का भारत’ की जो तस्वीर प्रस्तुत की, उसमें आधुनिकता के साथ भारतीय संस्कारों और संस्कृति का सुंदर समन्वय देखने को मिला। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों को भी प्रभावित किया।
इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
