दुर्ग। कार्यालय उपसंचालक, समाज कल्याण, जिला-दुर्ग द्वारा “श्री रामलला दर्शन” (अयोध्या धाम) योजना के अंतर्गत दिनांक 30 सितंबर 2026 को प्रस्तावित अयोध्या यात्रा को स्थगित कर दिया गया है।
कार्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (IRCTC) से प्राप्त जानकारी में बताया गया है कि ट्रेन में आई तकनीकी खराबी एवं पैंट्री कार के मेंटेनेंस कार्य पूर्ण नहीं होने के कारण निर्धारित तिथि की यात्रा स्थगित की गई है।
जिला दुर्ग से इस यात्रा में शामिल होने वाले नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों से संबंधित श्रद्धालुओं/यात्रियों को यात्रा स्थगित होने की सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। नई यात्रा तिथि प्राप्त होने के पश्चात संबंधित यात्रियों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
समाज कल्याण विभाग ने सभी संबंधित स्थानीय निकायों एवं जनपद पंचायतों से अपील की है कि वे यात्रा में शामिल होने वाले यात्रियों तक यह सूचना तत्काल पहुंचाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नई यात्रा तिथि की जानकारी प्राप्त होते ही संबंधित यात्रियों को सूचित किया जाएगा।
