पाटन। लगातार हो रही बारिश के बाद खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी किनारे बसे गांवों में भी जलस्तर बढ़ने से लोगों में चिंता बढ़ गई है। खारुन नदी में महादेव घाट पुल के ऊपर से भी पानी बह रहा है, जिसके चलते आवागमन प्रभावित हुआ है।
ग्राम भोथली में कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना के बाद SDRF की टीम मौके पर पहुंची है और रेस्क्यू अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन द्वारा नदी किनारे और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पाटन एसडीएम उत्तम ध्रुव पूरे हालात पर नजर बनाए हुए हैं तथा राहत एवं बचाव कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासन की टीम ग्रामीणों से सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील कर रही है।

