पाटन। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली द्वारा देशभर में ‘नमामि भारत’ अभियान के तहत 25 सितंबर को सामूहिक गान का आयोजन किया जाएगा। विद्या भारती से संबद्ध सभी विद्यालयों में सुबह 11 बजे एक ही समय और एक ही लय में वंदे मातरम् का सामूहिक गान किया जाएगा।
ग्राम तरीघाट स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में भी कार्यक्रम को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। विद्यालय के प्राचार्य देवनारायण साहू ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विद्यार्थियों को नियमित रूप से राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गान का अभ्यास कराया जा रहा है।
विद्यालय प्रबंधन समिति ने कार्यक्रम में 400 लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इसमें शाला प्रबंधन समिति, छात्र-छात्राएं, अभिभावक, पूर्व छात्र, आचार्य परिवार सहित ग्रामवासी शामिल होंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विकासखंड शिक्षा अधिकारी डालेंद्र देवांगन होंगे। वहीं बीआरसी पाटन गुणेश्वर वर्मा, जनपद सदस्य भावना निषाद, सरपंच तरीघाट चंद्रिका साहू, सरपंच सोनपुर संतराम कुम्भकार सहित शशिधर साहू, यशवंत साहू, जयराम सिंहा, तजेंद्र सिन्हा, देवनाथ निषाद, छगन साहू, डोमेश सिन्हा, नरेंद्र सिंहा, दुष्यन्त साहू सहित अन्य अतिथि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
आयोजन को लेकर विद्यालय परिवार द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सामूहिक गान में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों की सहभागिता रहेगी।
