पतोरा। ग्राम पतोरा में रात के अंधेरे में बाहर से वाहनों में भरकर मवेशियों को लाकर छोड़ने का मामला सामने आया है। इससे किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं और ग्रामीणों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मवेशियों के सड़कों पर बैठे रहने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
ग्राम पंचायत पतोरा के सरपंच भुनेश्वर साहू ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे मवेशियों को कुछ लोगों द्वारा वाहनों में भरकर रात के समय पतोरा गांव की सीमा में छोड़ दिया जा रहा है। सुबह बड़ी संख्या में मवेशियों के गांव एवं खेतों में पहुंचने से किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान हो रहा है। किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए रात-दिन निगरानी करनी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि मवेशियों के सड़कों पर बैठे रहने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। रात के समय सड़क पर बैठे मवेशी दिखाई नहीं देने से हादसे की स्थिति भी बन रही है।
फसलों को मवेशियों से बचाने और बाहर से मवेशी लाकर गांव में छोड़ने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए बुधवार को ग्रामीणों ने बैठक कर निर्णय लिया कि यदि कोई व्यक्ति बाहर से मवेशियों को वाहन में भरकर पतोरा में छोड़ता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से भी इस मामले में निगरानी बढ़ाने और ऐसे लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
