- पुराने प्रस्तावों की प्रगति पर मांगा हिसाब, अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस और संभाग आयुक्त को पत्राचार के निर्देश
पाटन। जनपद पंचायत पाटन के सभाकक्ष में सोमवार, 21 सितंबर 2026 को आयोजित सामान्य सभा की बैठक में जनपद अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने पिछली सामान्य सभा में पारित प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई की विभागवार जानकारी सदन के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका, रोजगार एवं प्लेसमेंट शिविर तथा बर्तन बैंक जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर संबंधित विभागों से जानकारी मांगी।
बर्तन बैंक योजना को लेकर श्रीमती कीर्ति नायक ने गांवों के चयन, संबंधित मदों से राशि की व्यवस्था और स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से राशि स्वीकृति की प्रक्रिया स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने कहा कि सामान्य सभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद उसकी क्रियान्वयन स्थिति सदन के सामने आना जरूरी है। प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्रवाई और उसकी प्रगति की जानकारी देना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
बैठक से गैरहाजिरी पर सख्त तेवर
सामान्य सभा की पूर्व सूचना दिए जाने के बावजूद अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को लेकर भी जनपद अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित अनुपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। लगातार अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के संबंध में संभाग आयुक्त को पत्राचार कर अवगत कराने के निर्देश भी जनपद पंचायत को दिए गए।
श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि सामान्य सभा जनपद पंचायत की महत्वपूर्ण निर्णयकारी व्यवस्था है। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों पर संबंधित विभागों की उपस्थिति और जवाबदेही आवश्यक है। बैठक में लिए गए निर्णयों पर समयसीमा में कार्रवाई हो और उसकी प्रगति से सदन को नियमित रूप से अवगत कराया जाए।
