असम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हुए कायरतापूर्ण जानलेवा हमले पर भाजपा सरकार, अमित शाह और हिमंता बिस्वा सरमा पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर का करारा हमला


दुर्ग। असम के नगांव में लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव, असम कांग्रेस प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, एआईसीसी सचिव मनोज चौहान व कांग्रेस प्रत्याशी सिबामोनी बोरा के काफिले पर हुए जानलेवा हमले और एसिड अटैक की घटना पर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या और भाजपा की बौखलाहट करार दिया है।
राकेश ठाकुर ने कड़े शब्दों में कहा “असम के नगांव में हमारे नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं वरिष्ठ नेताओं के काफिले पर बीजेपी के झंडे लगी गाड़ियों में आए गुंडों द्वारा पथराव और घातक एसिड फेंककर हमला करना अत्यंत शर्मनाक और कायरतापूर्ण हरकत है। गनीमत रही कि गाड़ियों के शीशे बंद थे, वरना कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती थी। इस हमले में हमारे एआईसीसी सचिव मनोज चौहान जी सहित अन्य साथी घायल हुए हैं।”
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। जब एक पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद स्तर के नेताओं को सरेआम निशाना बनाया जा रहा है, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या आलम होगा? यह स्पष्ट है कि यह हमला असम सरकार और स्थानीय पुलिस के संरक्षण में हुआ है। देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का जिम्मा संभालने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस घिनौनी घटना पर चुप क्यों हैं? चुनाव के दौरान विपक्षी नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहना केंद्र सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोकसभा उपचुनाव में अपनी संभावित हार को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी हिंसा और गुंडागर्दी पर उतारू हो गई है। बीजेपी जब विचारों और जनसमर्थन से मुकाबला नहीं कर पाती, तो हिंसा का सहारा लेती है।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भारत निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार से मांग की है कि इस जानलेवा हमले में शामिल भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों को तुरंत गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए।
चुनाव के दौरान विपक्षी नेताओं को पर्याप्त और निष्पक्ष सुरक्षा मुहैया कराई जाए और आगे कहा कि “कांग्रेस पार्टी ऐसे कायरतापूर्ण हमलों और गीदड़ भभकियों से डरने वाली नहीं है। हम लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *