मरीज की जरूरत पर महाराष्ट्र से छत्तीसगढ़ पहुंचे माधव स्वर्णकार, देशभर में जरूरतमंदों के लिए करते हैं रक्तदान
भिलाई। दुर्लभ बॉम्बे ब्लड ग्रुप वाले मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने की मुहिम में एक बार फिर मानवीय सेवा की मिसाल देखने को मिली। महाराष्ट्र के नांदेड़ निवासी रक्तमित्र माधव स्वर्णकार जरूरतमंद मरीज के लिए रक्तदान करने भिलाई पहुंचे और सन्ना ब्लड बैंक में अपना रक्तदान किया। आरोग्यम हॉस्पिटल में भर्ती मरीज की आवश्यकता को देखते हुए यह रक्तदान कराया गया।
माधव स्वर्णकार का रक्त समूह बॉम्बे ब्लड ग्रुप है। वे देश के अलग-अलग राज्यों में जहां भी इस दुर्लभ रक्त समूह की आवश्यकता होती है, वहां पहुंचकर रक्तदान करते हैं। यह उनका 75वां रक्तदान है। इनमें उन्होंने 69 बार होल ब्लड डोनेशन तथा 6 बार सिंगल डोनर प्लेटलेट्स (SDP) डोनेशन किया है।
इससे पहले भी माधव स्वर्णकार ने रायपुर स्थित अपना ब्लड सेंटर में आपात स्थिति में एक मरीज के लिए रक्तदान किया था। जरूरतमंद मरीजों के लिए महाराष्ट्र से छत्तीसगढ़ तक पहुंचकर रक्तदान करने की उनकी पहल को रक्तमित्रों और सामाजिक संगठनों ने सराहा।
रक्तदान के दौरान बॉम्बे ब्लड ग्रुप छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष अंतरा गोवर्धन, रेड ड्रॉप संयोजक सूरज साहू, सन्ना ब्लड बैंक प्रमुख नरोत्तम वर्मा, रूपनारायण ब्लड बैंक के सीईओ डॉ. हरजिंदर सिंह, रेड ड्रॉप मीडिया प्रभारी गजेंद्र साहू सहित टीम के सदस्य उपस्थित रहे। रक्तदान के बाद टीम की ओर से माधव स्वर्णकार का सम्मान भी किया गया।
दुर्लभ रक्त समूह के लिए देशभर में सेवा
बॉम्बे ब्लड ग्रुप ऑफ ऑर्गनाइजेशन इंडिया दुर्लभ रक्त समूह वाले मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देशभर में सेवा कार्य कर रही है। संस्था के फाउंडर विक्रम यादव स्वयं बॉम्बे ब्लड ग्रुप से हैं। संस्था सामाजिक संगठनों और रक्तमित्रों के सहयोग से लोगों को दुर्लभ रक्त समूह के प्रति जागरूक करने तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान उपलब्ध कराने का अभियान चला रही है।
संस्था से जुड़े रक्तमित्रों द्वारा देश के अलग-अलग हिस्सों में जरूरत के समय रक्तदान कर अब तक अनेक मरीजों की मदद की जा चुकी है। बॉम्बे ब्लड ग्रुप जैसे दुर्लभ रक्त समूह के मरीजों के लिए ऐसे रक्तमित्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
