खारून नदी में डूबे 38 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद, SDRF के डीप डाइवर्स ने कई घंटे चलाया सर्च ऑपरेशन


दुर्ग। खारून नदी में डूबे 38 वर्षीय व्यक्ति का शव दुर्ग एसडीआरएफ की टीम ने सघन सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया। नदी के तेज बहाव और गहराई के बीच एक्सपर्ट डीप डाइवर्स ने कई घंटे तक तलाश अभियान चलाकर शव को पानी से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि थाना रानीतराई क्षेत्र के ग्राम ओदरागहन में खारून नदी में एक व्यक्ति डूब गया है। सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
एसडीआरएफ की टीम 18 सितंबर की सुबह करीब 5:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। खारून नदी के तेज बहाव और गहराई को देखते हुए एसडीआरएफ के एक्सपर्ट डीप डाइवर्स राजकुमार यादव और ओंकार ने पानी में उतरकर तलाश शुरू की। कई घंटे की कड़ी मशक्कत और कुशल डीप डाइविंग के बाद टीम ने डूबे व्यक्ति का शव बरामद कर लिया।
बरामद शव की पहचान सुरेंद्र कुमार यादव (38 वर्ष), पिता फिरंका यादव, निवासी ग्राम तर्रा गोंदी, थाना भखारा, जिला धमतरी के रूप में हुई है। शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *