आकाशवाणी पर गूंजेगी धौराभाठा के नौनिहालों की आवाज

  • बाल वाटिका’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षा के महत्व पर रखे विचार, 17 सितंबर को होगा प्रसारण


पाटन। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला धौराभाठा के विद्यार्थियों को आकाशवाणी के ‘बाल वाटिका’ कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा और विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में शिक्षा के महत्व एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास को लेकर अपने विचार साझा किए। उनकी प्रस्तुति का प्रसारण 17 सितंबर, गुरुवार को सुबह 8:30 बजे आकाशवाणी के माध्यम से किया जाएगा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत संचालित ‘बाल वाटिका’ कार्यक्रम बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को रोचक और गतिविधि आधारित बनाने पर केंद्रित है। इसमें खेल, कहानी, गीत एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में सीखने की प्रवृत्ति विकसित करने पर जोर दिया जाता है।

https://akashvani.gov.in/radio/live.php?channel=80


शाला की शिक्षिका डॉ. सरिता साहू के निर्देशन में विद्यार्थियों ने कार्यक्रम की तैयारी की। बीरभान साहू ने प्रस्तुतीकरण में सहयोग किया। इस अवसर पर तारिणी, मयंक, सिमरन, हिमांशु, हिना, कृतिका, ख्याति, साक्षी, भाग्यश्री एवं हार्षिता सहित अन्य विद्यार्थियों ने आकाशवाणी के माध्यम से अपनी बात रखी।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, बच्चों को आकाशवाणी जैसे मंच पर अपनी बात रखने का अवसर मिलने से उनमें आत्मविश्वास, संवाद क्षमता और अभिव्यक्ति-कौशल विकसित होगा। यह पहल विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक आधारित शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम को सफल बनाने में बैसाखू राम साहू, देवेन्द्र साहू एवं टिकेन्द्र साहू का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *