अमलेश्वर। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में मूलभूत सुविधाओं एवं जनहित से जुड़ी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस पार्षदों एवं कांग्रेसजनों द्वारा किए गए सांकेतिक धरना-प्रदर्शन के बाद मंगलवार को प्रशासन और कांग्रेस प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत चर्चा हुई। मांगों पर लिखित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद कांग्रेस ने 16 सितंबर को प्रस्तावित चक्काजाम को स्थगित कर दिया।
पूर्व में नगर पालिका उपाध्यक्ष ओम प्रकाश साहू के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों एवं कांग्रेसजनों ने नगर पालिका कार्यालय के सामने सांकेतिक धरना देकर लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की थी। मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में चक्काजाम की चेतावनी दी गई थी।
इसी सिलसिले में मंगलवार को थाना परिसर में एसडीएम उत्तम ध्रुव, एसडीओपी प्रांशु तिवारी, नायब तहसीलदार मनोज रस्तोगी, नगर पालिका उपाध्यक्ष ओम प्रकाश साहू, नेता प्रतिपक्ष दीपक घीडोड़े, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित कांग्रेस पार्षदों एवं प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस द्वारा सौंपे गए 10 सूत्रीय ज्ञापन में शामिल मांगों पर बिंदुवार चर्चा की गई।
प्रशासन एवं नगर पालिका की ओर से मांगों पर लिखित कार्रवाई किए जाने के बाद कांग्रेसजनों ने 16 सितंबर को प्रस्तावित चक्काजाम को स्थगित करने का निर्णय लिया। कांग्रेस प्रतिनिधियों ने कहा कि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आगे आंदोलन का निर्णय लिया जा सकता है।
10 सूत्रीय मांगों पर चर्चा, लिखित कार्रवाई के बाद अमलेश्वर में 16 सितंबर का चक्काजाम स्थगित
