पीएम आवास पर आमने-सामने भूपेश-विजय, आंकड़ों पर छिड़ी बहस

  • ओपन डिबेट के बाद सोशल मीडिया पर भाजपा-कांग्रेस में वार-पलटवार


रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच मंगलवार को रायपुर प्रेस क्लब में आमने-सामने खुली बहस हुई। दोनों नेताओं के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े आंकड़ों और सरकार के कामकाज को लेकर तीखी बहस देखने को मिली। डिबेट समाप्त होने के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर भी वार-पलटवार तेज हो गया।
बहस के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अगली बार किसी समझदार को भेजना। ‘छोटा रिचार्ज’ रील के लिए ही ठीक है।” उनके इस पोस्ट के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं।


वहीं भाजपा की ओर से भी सोशल मीडिया पर पलटवार किया गया। भाजपा ने पोस्टर जारी कर लिखा, “हवाबाजी का हुआ बंटाधार, भ्रम का गुब्बारा फूटा सही आंकड़ों के साथ।” इसके अलावा एक अन्य पोस्टर में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लिखा गया, “तुम्हारी इनकमिंग भी जनता ने बंद कर दी है मिस्टर एटीएम, अगली बार राहुल गांधी को भेजना।”


दरअसल, प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने एक-दूसरे की चुनौती स्वीकार की थी। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच सार्वजनिक रूप से ओपन डिबेट कराने का निर्णय हुआ। तय कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को दोनों नेता रायपुर प्रेस क्लब पहुंचे और प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर आमने-सामने अपनी-अपनी बात रखी।
डिबेट के दौरान दोनों पक्षों ने योजना के क्रियान्वयन, आवास निर्माण और इससे जुड़े आंकड़ों को लेकर अपने-अपने दावे प्रस्तुत किए। बहस के बाद अब भाजपा और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर राजनीतिक बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *