ग्राम पंचायत सेलूद के पूर्व सरपंच खेमलाल साहू द्वारा वर्तमान सरपंच के खिलाफ अमर्यादित और भ्रामक टिप्पणी अत्यंत निंदनीय

  • क्या सरपंच सतनामी समाज से है इसलिए ऐसी विचारधारा??:सेवाराम अनंत, सतनामी समाज अध्यक्ष

पाटन। ग्राम पंचायत सेलुद के सतनामी समाज के अध्यक्ष सेवाराम अनंत ने पूर्व सरपंच खेमलाल साहू द्वारा सोशल मीडिया चैट में वर्तमान सरपंच व तहसील सतनामी समाज के युवा अध्यक्ष खिलेश मारकंडे के विरुद्ध की गई आपत्तिजनक और आधारहीन टिप्पणियों की कड़ी निंदा की है। सतनामी समाज के अध्यक्ष ने कड़े शब्दों में आपत्ति जताते हुए कहा कि एक जिम्मेदार पूर्व जनप्रतिनिधि पद पर रह चुके व्यक्ति द्वारा सतनामी समाज के जनप्रतिनिधि के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, ओछी मानसिकता का परिचायक और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वाला है। वायरल चैट में खेमलाल साहू द्वारा यह लिखा गया है कि “सेलुद के अशुभहा सरपंच जब-जब मुँह खोला कुछ न कुछ घटना सेलुद में हुआ ही है…” और प्राकृतिक या अन्य दुर्घटनाओं को वर्तमान सरपंच से जोड़कर सनसनीखेज व निराधार आरोप लगाए गए हैं, जो पूरी तरह से असत्य, भ्रामक और जनप्रतिनिधि की छवि को धूमिल करने का कुत्सित प्रयास हैं। सेवाराम अनंत ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना को राजनीति से प्रेरित होकर किसी व्यक्ति विशेष या समाज के प्रतिनिधि पर मढ़ना सरासर गलत है। इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना बयान गाँव की शांति, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को ठेस पहुँचाते हैं।सेलुद सतनामी समाज ने साथ ही ग्राम पंचायत सेलूद के सतनामी समाज के पंचो ने भी पूर्व सरपंच खेमलाल साहू के इस कृत्य की घोर भर्त्सना की है और चेतावनी दी है कि अगर वे इस प्रकार की अमर्यादित और द्वेषपूर्ण टिप्पणी के लिए माफी नहीं मांगेंगे तो समाज द्वारा नियमानुसार उचित वैधानिक कदम उठाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *