साहू समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की पुरजोर मांग….आगामी नगरीय निकाय चुनाव में कम से कम एक महापौर पद पर साहू समाज को अवसर देने की मांग


भिलाई नगर। साहू समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और आगामी नगरीय निकाय चुनावों में समाज को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व देने की मांग को लेकर जिला साहू संघ भिलाई नगर ने सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेतृत्व से पुरजोर आग्रह किया है।
जिला साहू संघ भिलाई नगर के अध्यक्ष चंद्रभूषण साहू ने कहा कि साहू समाज संख्या की दृष्टि से एक बड़ा एवं जागरूक सामाजिक समुदाय है। समाज के लोग लंबे समय से सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए लोकतंत्र को मजबूत करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इसके बावजूद चुनावों में समाज को उसकी संख्या और योगदान के अनुरूप राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से महापौर पद पर साहू समाज की राजनीतिक भागीदारी बेहद कम रही है, जो समाज के लिए चिंतन का विषय है। समाज की मांग किसी अन्य वर्ग या समाज के अधिकार को कम करने की नहीं, बल्कि अपनी संख्या, सामाजिक योगदान और लोकतांत्रिक अधिकारों के अनुरूप सम्मानजनक एवं न्यायसंगत राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्राप्त करने की है।
जिला साहू संघ ने सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेतृत्व से मांग की है कि आगामी नगरीय निकाय चुनावों में साहू समाज की राजनीतिक भागीदारी को गंभीरता से लेते हुए कम से कम एक महापौर पद पर साहू समाज के योग्य, शिक्षित, कर्मठ एवं जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्ति को टिकट दिया जाए। इसके साथ ही पार्षद एवं अन्य महत्वपूर्ण राजनीतिक पदों पर भी समाज को उचित प्रतिनिधित्व प्रदान किया जाए।
चंद्रभूषण साहू ने कहा कि साहू समाज किसी एक राजनीतिक दल का विरोध नहीं कर रहा है। समाज सभी प्रमुख राजनीतिक दलों से समान रूप से अपना अधिकार और सम्मानजनक प्रतिनिधित्व मांग रहा है। जो राजनीतिक दल साहू समाज की भावनाओं, संख्या, सामाजिक योगदान और राजनीतिक अपेक्षाओं का सम्मान करेगा, समाज उसके निर्णय को सकारात्मक दृष्टि से देखेगा।
उन्होंने कहा कि अब समय केवल आश्वासन देने का नहीं, बल्कि साहू समाज को वास्तविक राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने का है। समाज को उम्मीद है कि राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर का नेतृत्व इस मांग को गंभीरता से लेते हुए आगामी चुनावों में साहू समाज को महापौर सहित पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रदान करेगा।
जिला साहू संघ भिलाई नगर की स्पष्ट मांग है कि साहू समाज को संख्या के अनुरूप सम्मानजनक राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिले और महापौर पद पर कम से कम एक अवसर समाज को सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *