- पेयजल और स्ट्रीट लाइट के बकाया बिजली बिल पर पंचायतों पर दबाव और कनेक्शन काटने से नाराज सरपंचों ने खोला मोर्चा
पाटन। ग्राम पंचायतों के बिजली बिल के मुद्दे को लेकर पाटन ब्लॉक के सभी 108 सरपंच एकजुट हो गए हैं। सरपंच संघ पाटन द्वारा शुक्रवार को विश्राम गृह, पाटन में बैठक आयोजित कर पेयजल एवं स्ट्रीट लाइट के बिजली बिल की बकाया राशि सहित विभिन्न पंचायत संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि एक माह के भीतर बिजली बिल की समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो पाटन ब्लॉक के सभी सरपंच उग्र आंदोलन करेंगे।
बैठक में सरपंचों ने कहा कि वर्ष 2016 में शासन के आदेश के तहत ग्राम पंचायतों द्वारा संचालित पेयजल एवं स्ट्रीट लाइट के बिजली बिल की राशि माफ करते हुए भुगतान नहीं करने संबंधी व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद वर्तमान में विद्युत विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों पर बकाया बिजली बिल जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है। कई पंचायतों में बिजली आपूर्ति बाधित करने तथा विद्युत कनेक्शन काटने की कार्रवाई किए जाने से सरपंचों में नाराजगी है। सरपंचों ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य करती हैं। ऐसे में बिजली कनेक्शन काटे जाने से सीधे तौर पर ग्रामीण जनता प्रभावित हो रही है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शासन स्तर पर एक माह के भीतर स्थायी समाधान नहीं होने पर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को तेज किया जाएगा।

प्रधानमंत्री आवास की वरीयता सूची में छेड़छाड़ पर भी चेतावनी
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 को लेकर भी सरपंचों ने महत्वपूर्ण मांग रखी। सरपंचों ने कहा कि ग्राम सभा में प्रस्तावित वरीयता क्रम के अनुसार ही हितग्राहियों का चयन किया जाना चाहिए। यदि विभागीय स्तर पर ग्राम सभा द्वारा तय वरीयता क्रम में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ की जाती है अथवा हितग्राहियों के नाम ऊपर-नीचे किए जाते हैं, तो इसके विरोध में भी सरपंच संघ आंदोलन करेगा। बैठक में कांग्रेस समर्थित सरपंच संघ अध्यक्ष रूपेंद्र शुक्ला एवं भाजपा समर्थित सरपंच संघ अध्यक्ष विनय चंद्राकर सहित सरपंच रवि सिंगौर, राजू साहू,तोरण लाल साहू, अमित अग्रवाल, रमाकांत साहू, महेश साहू, जीवधन ठाकुर, डोनेश्वर साहू, वरुण नेताम, अर्चना यादव, उनिका वर्मा,सहित पाटन ब्लॉक के सभी 108 सरपंच उपस्थित रहे।
