कबड्डी खेलने सेलूद आया 15 वर्षीय खिलाड़ी तांदुला नहर में बहा, तलाश जारी

  • हाथ-पैर धोने के दौरान फिसला पैर, तेज बहाव में ओझल हुआ शिवम यादव; साथियों ने बचाने का किया प्रयास


सेलूद। पाटन ब्लॉक के सेलूद भाठापारा स्थित तंदुला नहर में शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होने रायपुर के गुढ़ियारी से सेलूद पहुंचे 15 वर्षीय खिलाड़ी शिवम यादव नहर के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार शिवम यादव प्रतियोगिता स्थल के पास तंदुला नहर की ओर शौच के लिए गया था। इसके बाद नहर किनारे हाथ-पैर धोते समय काई और ढलान के कारण उसका पैर फिसल गया। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और गहरे पानी में चला गया।
शिवम को नहर में बहता देख उसके साथी खिलाड़ियों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की तेज धार के सामने उनका प्रयास सफल नहीं हो सका। देखते ही देखते शिवम तेज बहाव में ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सेलूद सरपंच खिलेश मार्कंडेय मौके पर पहुंचे और पाटन पुलिस सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद शिवम की तलाश के लिए पुलिस एवं प्रशासन की टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। तेज बहाव के कारण तलाश अभियान में भी चुनौती बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *