दुर्ग। जन्माष्टमी के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 4 सितंबर को घोषित प्रतिबंधित दिवस के दौरान अवैध शराब बिक्री के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। ऑपरेशन विश्वास के तहत पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में 13 अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 369 पौवा अवैध शराब, जिसकी कीमत करीब ₹41,680 है, बरामद की गई। इसके अलावा शराब बिक्री की ₹2,570 नकद रकम, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर वैशाली नगर, मोहन नगर, पुरानी भिलाई, छावनी, जामुल, अमलेश्वर, नंदिनी नगर और उतई थाना क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने दबिश और घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान शराब की अवैध बिक्री अथवा बिक्री के लिए शराब रखने वाले आरोपियों को मौके पर पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में चन्द्रकला देवी (30), महेश साहू (20), सुभाष ठाकुर (21), अजय विश्वकर्मा (23), घनश्याम ठाकुर (48), संदीप कुमार (40), सागर सोनी (34), सूरज धीवर (20), घनश्याम वर्मा (30), अशोक गेण्डरे (51), राजा डहरे (19), कलावती (66) और रहिपाल साहू (60) शामिल हैं।
सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत पृथक-पृथक अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
दुर्ग पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन विश्वास के तहत अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से शासन द्वारा घोषित प्रतिबंधित दिवसों का पालन करने तथा अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और परिवहन की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
प्रतिबंधित दिवस में अवैध शराब पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा, 13 आरोपी गिरफ्तार
