पाटन। पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधायक भूपेश बघेल के आमंत्रण पर शिक्षक दिवस के अवसर पर पाटन विधानसभा क्षेत्र में 5 सितंबर को भव्य शिक्षक दिवस गुरु सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह शनिवार को प्रातः 11 बजे स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पतोरा (पाटन) के प्रांगण में आयोजित होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पाटन क्षेत्र में शिक्षक दिवस पर गुरु सम्मान समारोह आयोजित करने की परंपरा पिछले 29 वर्षों से निरंतर जारी है। वर्ष 1997 में घुघवा से शुरू हुई यह परंपरा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में आयोजित होते हुए वर्ष 2026 में पतोरा पहुंची है। आयोजन का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना है।
समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति पं. रविशंकर विश्वविद्यालय रायपुर शिव कुमार पांडेय होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विवेकानंद आश्रम शिक्षा विद् रायपुर ओमप्रकाश वर्मा करेंगे।
कार्यक्रम में शिक्षा विद् रायपुर सैय्यद फाजिल, समाजसेवी पाटन सीताराम वर्मा तथा कवि रायपुर मीर अली मीर विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समारोह में गुरुजनों के सम्मान के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। संतोष साहू एवं राघव म्यूजिकल ग्रुप कोटगांव, कुरूद, जिला धमतरी द्वारा भजन प्रस्तुति दी जाएगी।
आयोजक भूपेश बघेल ने क्षेत्र के सभी शिक्षकों, गणमान्य नागरिकों एवं शिक्षा प्रेमियों से समारोह में उपस्थित होकर गुरुजनों के सम्मान में सहभागी बनने की अपील की है।
29 साल की परंपरा, गुरुजनों का सम्मान: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आमंत्रण पर 5सितंबर को पतोरा में शिक्षक दिवस समारोह
