4 सितंबर को सेलूद से पाटन तक भव्य गुरुदर्शन सतनाम संदेश शोभायात्रा, गुरु बालकदास जयंती समारोह का आयोजन

पाटन। पूज्य गुरु घासीदास बाबा के द्वितीय सुपुत्र सामाजिक न्यायमूर्ति एवं सतनामी समाज के संविधान निर्माता शूरवीर महान प्रतापी राजागुरु बालकदास जी के अवतरण दिवस के अवसर पर 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को परिक्षेत्र सेलूद में “भव्य गुरुदर्शन सतनाम संदेश शोभायात्रा एवं राजा गुरु बालकदास जयंती समारोह” का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम का आयोजन परिक्षेत्रीय सतनामी समाज सेलूद, जामगांव (आर), रानीतराई एवं समस्त परिक्षेत्र तहसील सतनामी समाज पाटन तथा युवा महासंघ अखिल भारतीय सतनाम सेवा पाटन, जिला दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

आयोजन के तहत प्रातः 9 बजे सतनाम भवन सेलूद (पतोरा) से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जो मिनी माता चौक उतई होते हुए पाटन पहुंचेगी। शोभायात्रा का समापन सतनाम भवन पाटन में होगा। शोभायात्रा में विभिन्न परिक्षेत्रों से डीजे, पंथी दल, झांकी, अखाड़ा एवं गुरु प्रतिमा के साथ समाजजन शामिल होंगे।

आयोजकों ने समस्त संत समाज, युवाओं, माता-बहनों एवं समाज के पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शोभायात्रा को सफल बनाने की अपील की है। समाज के सभी प्रतिभागियों से सफेद वस्त्र धारण कर शोभायात्रा में शामिल होने का आग्रह किया गया है।

विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए पुरस्कार…..

शोभायात्रा के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं दलों को प्रोत्साहन राशि एवं मेडल-प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

बेस्ट पंथी दल: प्रथम ₹7,000 एवं द्वितीय ₹5,000

बेस्ट अखाड़ा: प्रथम ₹7,000 एवं द्वितीय ₹5,000

बेस्ट वेशभूषा: प्रथम ₹5,000 एवं द्वितीय ₹3,000

बेस्ट झांकी/गुरु प्रतिमा एवं इनाम राशि: प्रथम ₹7,000 एवं द्वितीय ₹5,000

सतनामी गुरु एवं सतनामी सपूत के कार्य से संबंधित पोस्टर एवं बैनर: प्रथम ₹7,000 एवं द्वितीय ₹5,000

इसके अलावा प्रत्येक प्रतिभागी को प्रोत्साहन राशि एवं मेडल-प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि पुरस्कार के लिए प्रतिभागियों का परिक्षेत्र से शोभायात्रा में शामिल होना अनिवार्य रहेगा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर भोजन भंडारा एवं सतनाम भवन पाटन में समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी समाजजनों से निर्धारित समय से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *