परसुलीडीह में 4 सितंबर को धूमधाम से मनेगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव

  • सरस्वती शिशु मंदिर तरीघाट के 300 भैया-बहन राधा-कृष्ण की वेशभूषा में देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां


तरीघाट। सरस्वती शिशु मंदिर तरीघाट द्वारा आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन पोषक ग्राम परसुलीडीह में किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को परसुलीडीह में पालकों की विशेष योजना बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम 4 सितंबर को दुर्गा मंदिर प्रांगण, बाजार चौक, ग्राम परसुलीडीह में होगा।
बैठक में विद्यालय समिति के सचिव यशवंत साहू, सदस्य देवनाथ निषाद सहित लगभग 45 पालक उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य देवनारायण साहू ने विद्यालय की गतिविधियों, शासकीय योजनाओं एवं शैक्षणिक विषयों पर चर्चा के साथ की।
प्रधानाचार्य ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए शिक्षक एवं पालकों का आपसी समन्वय जरूरी है। उन्होंने पालकों से बच्चों की प्रतिभा को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उन्हें प्रोत्साहित करने की अपील की। साथ ही विद्यालय में होने वाली गतिविधियों को बच्चों के दैनिक जीवन में घर पर भी अपनाने पर जोर दिया, जिससे उन्हें संस्कारयुक्त शिक्षा मिल सके।
बैठक में जन्माष्टमी उत्सव को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। कार्यक्रम में करीब 300 भैया-बहन राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा में शामिल होंगे। वेशभूषा प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विद्यालय की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।
शोभायात्रा में दिखेगी छत्तीसगढ़ी संस्कृति
जन्माष्टमी के अवसर पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक तीज-त्योहारों की झांकी के साथ भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। वहीं संध्या बेला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठक में विभिन्न दायित्वों के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए। आयोजन पालकों एवं समस्त ग्रामवासियों के जनसहयोग से किया जाएगा, जिसके लिए उपस्थित सभी लोगों ने अपनी सहमति प्रदान की।
बैठक में दिनेश, खिलेश्वर, भूषण, जोगेंद्र, कमलेश, हरिश्चंद्र, संतोष, नरेंद्र, हेमंत, सोमनाथ, मिथलेश, परमानंद, योगेश, गुलशन, राकेश, रेखराम, नोहर, देवचरण, रामभरोसा, राजकुमार, छबिलाल, उमेश, हिरामण सहित अन्य पालक उपस्थित रहे।
अंत में विद्यालय प्रबंधन समिति ने सभी पालकों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *