अमलेश्वर में 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस का धरना, 10 सितंबर को चक्काजाम की चेतावनी


अमलेश्वर। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में मूलभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस पार्षदों एवं कांग्रेसजनों ने सोमवार को नगर पालिका कार्यालय के सामने सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन नगर पालिका उपाध्यक्ष ओम प्रकाश साहू के नेतृत्व में हुआ। कांग्रेसजनों ने नगर पालिका प्रशासन से लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।


पालिका उपाध्यक्ष ओमप्रकाश साहू ने बताया कि नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा में 4 जून 2026 को विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई थी। संबंधित विषयों पर 2 से 3 दिनों में जवाब देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक अपेक्षित जानकारी एवं जवाब उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद 10 अगस्त को भी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपकर तीन दिनों में कार्रवाई की मांग की गई थी। मांगें पूरी नहीं होने पर सोमवार को सांकेतिक धरना दिया गया।
आय-व्यय से लेकर जलभराव तक उठाए मुद्दे

धरने के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 की आय-व्यय की जानकारी, अवैध प्लॉटिंग एवं अतिक्रमण का विवरण सार्वजनिक करने, बिजली खंभों में खराब स्ट्रीट लाइटों के सुधार, शासकीय मोटर पंपों में लगे नलों की मरम्मत, अमलेश्वर पुल से सांकरा मेन रोड तक स्ट्रीट लाइट चालू करने तथा विभिन्न कॉलोनियों में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के निराकरण की मांग की।
इसके साथ ही अमलेश्वर क्षेत्र के मुख्य मार्गों से मवेशियों को हटाने तथा वर्ष 2026-27 का अनुमानित बजट प्रस्तुत करने सहित अन्य मांगें भी रखी गईं।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा चक्काजाम
कांग्रेसजनों ने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका प्रशासन द्वारा मांगों पर शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई तो 10 सितंबर 2026 को चक्काजाम कर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर अब चुप नहीं बैठेंगे और नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आंदोलन जारी रहेगा।
धरना प्रदर्शन में ओम प्रकाश साहू उपाध्यक्ष, दीपक घीडोड़े नेता प्रतिपक्ष, घनश्याम साहू उप नेता प्रतिपक्ष, डोमन यादव, भेजलाल सोनकर, मालती गिरधर साहू, लेखनी पुनीत साहू, हेमलाल साहू, मीनारानी, घनश्याम चेलक, सेवती टीकम निषाद, महेंद्र साहू मंडल अध्यक्ष, मोनू साहू, धर्मेंद्र साहू, दिनेश वर्मा, टकेश सोनकर, प्रवीण डे, प्रवीण चंद्राकर, ओमकार घीडोड़े, हिमांशु शर्मा, विकास वर्मा, गोविंदा निषाद, किशोर निषाद, नरेंद्र चेलक, आकाश चेलक, विशाल राजपूत, सुनील राजपूत, किशार, आजू वर्मा, पूर्णिमा, रुक्मणी, सूर्यमुखी, मनीष साहू, प्रभुराम, राजू बिसेन, शिवकुमार, आशा सहित विभिन्न वार्डों के नगरवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *