पाटन। बोल बम कांवड़ यात्रा समिति सोनपुर के तत्वावधान में निकली कांवड़ यात्रा के दौरान ग्राम केसरा में कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। सोनपुर स्थित हारून नदी से जल लेकर करीब 500 कांवड़िए केसरा पहुंचे और सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
कांवड़ियों के लिए ग्राम केसरा में भव्य महाप्रसादी एवं भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। वहीं रायपुर-कुर्रा क्षेत्र से पहुंचे बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों का भी आत्मीय स्वागत करते हुए उनके लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई।
कांवड़ियों का स्वागत दरबार मोखली मंडल के महामंत्री भगवत सिन्हा एवं सेवा सहकारी समिति के प्राधिकृत अधिकारी अंगेश सिन्हा के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल रहा। बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया।
कार्यक्रम में संतोष, झरेंद्र, ताजू, राजू निषाद, घना राम, तुलसी सिन्हा, विश्राम निषाद, नारद सेन सहित शिव चौक केसरा की स्व-सहायता समूह की मातृशक्तियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
महादेव के जयघोष के साथ कांवड़ियों ने सामाजिक एकता और सेवा की भावना का संदेश भी दिया।
केसरा में कांवड़ियों का भव्य स्वागत, महाप्रसादी का हुआ आयोजन
