- भैंसों से भरी पिकअप पकड़ी, 6 आरोपी गिरफ्तार और 2 अपचारी बालक अभिरक्षा में
उतई। पुलिस ने अवैध मवेशी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम पुरई में 3 भैंसों से भरे मैक्सिमा पिकअप वाहन को पकड़ा है। पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 अपचारी बालकों को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना उतई को मवेशियों के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम पुरई स्थित नर्सरी के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की। इस दौरान मैक्सिमा पिकअप क्रमांक CG 04 PF 6904 में 3 भैंसें मिलीं। मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज अथवा अनुमति प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई की।
मौके से स्कॉर्पियो क्रमांक CG 04 HD 1564 और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LB 1123 भी बरामद की गई। पुलिस ने मवेशियों सहित तीनों वाहनों को जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में कमल गिरी गोस्वामी (23), जीमू गोस्वामी उर्फ संजू गोस्वामी (26), कमलेश गिरी गोस्वामी (35), करन गिरी गोस्वामी (19), टोमन यादव (26) और जागेश्वर सिंह (36) शामिल हैं। इसके अलावा दो अपचारी बालकों को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।
बरामद मवेशियों का पशु चिकित्सा अधिकारी से परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उन्हें नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 428/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, मवेशियों के परिवहन के स्रोत, गंतव्य और इस गतिविधि में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जांच जारी है। मामले में फरार व्यक्ति की तलाश भी की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मवेशियों के अवैध परिवहन या तस्करी से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान नियमानुसार गोपनीय रखी जाएगी।
