रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी संघ 620 के प्रतिनिधिमंडल ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के ENC श्री के.के. मरकाम से मुलाकात कर विभाग में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) सुविधा प्रारंभ करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को श्रम सम्मान की राशि प्रदान किए जाने पर विभाग के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। इसके बाद कर्मचारियों के हित में EPF सुविधा प्रारंभ किए जाने को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने मांग की कि विभाग में वर्षों से सेवाएं दे रहे दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए EPF की सुविधा जल्द से जल्द लागू की जाए।

ENC के.के. मरकाम ने संगठन की मांगों को गंभीरता एवं सकारात्मकता से सुना तथा EPF सुविधा प्रारंभ करने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन प्रतिनिधिमंडल को दिया।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने जे.डी. श्री तिवारी से भी मुलाकात की। इस दौरान दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को श्रम सम्मान की राशि निर्विघ्न रूप से प्रदान किए जाने के संबंध में चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने उनका मुंह मीठा कर आभार व्यक्त किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही EPF सुविधा प्रारंभ कराने में सहयोग का आश्वासन भी प्राप्त किया।
संगठन के प्रतिनिधियों ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के विभिन्न अधिकारियों से मुलाकात कर दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के हित में EPF सुविधा प्रारंभ कराने के लिए सहयोग का आग्रह किया।
संघ ने कहा कि श्रम सम्मान की राशि के बाद अब दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए EPF सुविधा प्रारंभ कराना संगठन की प्राथमिकता है। इससे वर्षों से विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को भविष्य की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा का लाभ मिल सकेगा।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में प्रांताध्यक्ष मिलाप यादव, तीरथ साहू, गज्जू सिन्हा, मनेश बंजारे, गोपी किशन साहू, गोविंद साहू, किसुन चंद्राकर, ललित यादव, सुनील सोनी, रूपेश साहू, सुमीत सोनी, बहन अफ्शा खान सहित ENC कार्यालय के सहयोगी उपस्थित रहे।
