पाटन। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पब्लिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तर्रा में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा शामिल हुए। उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं ग्रामवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
अपने उद्बोधन में श्री वर्मा ने कहा कि आजादी केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से मिली अमूल्य विरासत है। हमें अपने महान स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के भारत के निर्माण के लिए ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि “राष्ट्र पहले और सबसे पहले” की भावना प्रत्येक नागरिक के जीवन का मूल मंत्र होना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश का भविष्य आज के विद्यार्थियों के हाथों में है। शिक्षा के साथ संस्कार, चरित्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करने तथा गांव, समाज और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
श्री वर्मा ने “जय जवान, जय किसान” के नारे का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में जवानों और देश की समृद्धि में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इनके योगदान के प्रति सम्मान हमारी राष्ट्रीय जिम्मेदारी है।

खिलावन चंद्राकर अध्यक्ष शाला विकास समिति ने विद्यालय की उपलब्धियों से अवगत कराते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में विशेष ध्यान देने विचार रखे
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत तर्रा के सरपंच विपिन चन्द्राकर ने अध्यक्षता की। विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ गणमान्य नागरिक नरसिंह चन्द्राकर एवं रुपेश चन्द्राकर सहित ग्राम शिक्षा समिति एवं विद्यालय प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।
स्कूल की प्राचार्य श्रीमती दीपिका तिवारी ने शाला का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

नरसिंह चंद्राकर ने स्वतंत्रता दिलाने वाले वीर सपूतों को याद करते हुए आमजन से सनातन धर्म के प्रति दृढ़ संकल्पित रहने का आह्वान किया।
ग्राम तर्रा के सरपंच विपिन चंद्राकर ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया तथा उनके सपनों का भारत बनाने की अपील की।
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रभात फेरी, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। देशभक्ति गीतों, भाषणों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं का मोमेंटो भेंटकर सम्मान किया गया।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को मिष्ठान्न वितरण किया गया।
श्री वर्मा ने विद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामवासियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन पुनेश्वर साहू ने किया।
इस अवसर पर शाला विकास समिति के अध्यक्ष खिलावन चंद्राकर, पूर्व सरपंच रमेश शर्मा, पूर्व प्राचार्य एस.एल. चंद्राकर, श्रीमती दीपिका तिवारी प्राचार्य, अजय शर्मा, रज्जू सोनी, रूपेश चंद्राकर, के के सोनी, भोला यदु, श्रीमती चमेली वर्मा,देव कुमार साहू,श्रीमती एशरी चंद्राकर, विनोद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
