प्लास्टिक से होने वाले खतरों को लेकर स्कूली बच्चों को किया जागरूक


पाटन। प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट पतोरा में सोमवार को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत पाटन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी महेंद्र जांगड़े, एडीईओ रणजीत सिंह, सरपंच भुनेश्वर साहू एवं उपसरपंच देवचरण कौशल उपस्थित रहे।
इस दौरान शासकीय हाई स्कूल पतोरा के विद्यार्थियों के साथ प्लास्टिक से उत्पन्न होने वाले खतरों, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बच्चों को प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए प्लास्टिक का उपयोग कम करने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। बच्चों को भी अपने परिवार और आसपास के लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग देने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने भी पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *