संभाग स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में तेलीगुण्डरा एवं मर्रा के खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन



पाटन। 06 अगस्त 2026 को गायत्री विद्यापीठ, राजनांदगांव में आयोजित संभाग स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में दुर्ग जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुरक्षित किया।
प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तेलीगुण्डरा की प्रतिभाशाली छात्रा टोमांशिक पटेल ने जूनियर वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया।


इसी प्रतियोगिता में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, मर्रा के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। बालिका (10–14 वर्ष) सब जूनियर ट्रेडिशनल योगासन स्पर्धा में डीगमणि सपहा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं रिदमिक पेयर प्रतियोगिता में मोक्षिता साहू एवं मानवी धीवर ने बालिका 10–14 वर्ष सब जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान अर्जित किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर तीनों खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर मर्रा के योग प्रशिक्षक धीरेंद्र कुमार वर्मा व तेलीगुंडरा के महेंद्र साहू ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दीं।


वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तेलीगुण्डरा की छात्रा टोमांशिक पटेल की सफलता पर विद्यालय की प्राचार्य कुमुद साहू, खेल शिक्षिका अंजू रत्नाकर, संकुल समन्वयक हेमंत कुर्रे, प्रधान पाठक एम.एल. वर्मा, खिलेंद्र साहू राज्य कार्यकारिणी सदस्य छत्तीसगढ़ योग एसोसिएशन व गोस्वामी जयंत विष्णु भारती अध्यक्ष छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में ये खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने विद्यालय, क्षेत्र एवं दुर्ग जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *