यादव समाज की एकजुटता से ही मिलेगा उचित प्रतिनिधित्व : जगनिक यादव


पाटन में झेरिया यादव समाज का सम्मान समारोह, बैठक एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न


पाटन। छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज पाटन परिक्षेत्र द्वारा रविवार को यादव भवन अखरा, पाटन में बैठक, सम्मान समारोह एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के प्रदेश एवं परिक्षेत्र के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष जगनिक यादव ने कहा कि समाज में चेतना लाने, संगठन को मजबूत करने तथा सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक, शिक्षित और संस्कारवान बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग में जनसंख्या के हिसाब से यादव समाज दूसरे स्थान पर है, लेकिन राजनीति में समाज को उसकी आबादी के अनुरूप प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि यादव समाज अपने बलबूते पर प्रदेश की लगभग 25 विधानसभा सीटों पर जीत-हार तय करने की क्षमता रखता है। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज को निगम-मंडलों में भी अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। उन्होंने समाजजनों से आह्वान किया कि जो राजनीतिक दल समाज का सम्मान और सहयोग करेगा, समाज भी उसका समर्थन करेगा। इसके लिए हर गांव में घर-घर जाकर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष भारत यादव, युवा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रराम यादव, महिला प्रदेश अध्यक्ष सैलाना यादव, कार्यकारी अध्यक्ष सुरत यादव सहित अन्य अतिथियों ने भी समाज की एकता, शिक्षा और संगठन को मजबूत बनाने पर बल दिया।
स्वागत भाषण पाटन परिक्षेत्र अध्यक्ष नेहरूलाल यादव ने दिया। बैठक में समाज के संगठनात्मक विकास, आगामी गतिविधियों तथा नए पदाधिकारियों के चयन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाओं एवं पदाधिकारियों का सम्मान भी किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से तीर्थ यादव, हेमलाल यादव, गायत्री यादव, रत्ती यादव, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष राधेलाल यादव, शांति यादव,नेहा यादव,संतोष यादव,ज्योति यादव,डोमार यादव,अरुण यादव,अमरू यादव,भुनेश्वर यादव,खगेश यादव,संजय यादव , बगन यादव सहित पाटन परिक्षेत्र की 12 पालियों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, मातृशक्ति और युवा साथी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *