पतोरा स्कूल में प्रधान पाठिका के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सैकड़ों बच्चे व अभिभावक पहुंचे कलेक्टर जनदर्शन

  • दुर्व्यवहार, और शैक्षणिक लापरवाही के आरोप, कलेक्टर ने तत्काल गठित किया जांच दल


पाटन। विकासखंड पाटन के ग्राम पतोरा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठिका श्रीमती ममता शांडिल्य के खिलाफ बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। सैकड़ों स्कूली बच्चे अपने अभिभावकों के साथ कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे और गंभीर आरोपों से जुड़ा शिकायत पत्र सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।


शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रधान पाठिका द्वारा विद्यार्थियों के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज एवं अपमानजनक टिप्पणियां की जाती हैं। साथ ही शिक्षण कार्य में बाधा उत्पन्न करने, नियमित रूप से कक्षाएं नहीं लेने तथा बिना पूर्व सूचना विद्यालय से अनुपस्थित रहने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इससे विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।


ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में 24 मार्च 2026 को शिक्षा मंत्री के समक्ष भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी और अभिभावक जनदर्शन पहुंचे।


मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच दल का गठन किया और टीम को विद्यालय भेजकर जांच शुरू करा दी। जांच दल ने विद्यालय पहुंचकर शिकायतकर्ताओं, शिक्षकों एवं अन्य संबंधित पक्षों से जानकारी एकत्रित करना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जांच निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से पूरी कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल स्थापित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *