- सेलूद चौक पर सीसीटीवी और धर्मकांटा लगाने की उठी मांग
सेलूद। ग्राम चुनकट्टा एवं मुड़पार स्थित गिट्टी खदानों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ओवरलोड ट्रकों के संचालन को लेकर क्षेत्र में सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षमता से अधिक गिट्टी और बोल्डर लेकर चलने वाले ट्रकों से कई बार सड़क पर पत्थर गिर जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वहीं लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि प्रतिदिन सैकड़ों ओवरलोड ट्रक संचालित हो रहे हैं, लेकिन संबंधित विभागों की कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। आरोप है कि वाहनों की जांच के नाम पर यातायात विभाग की टीम आए दिन सेलूद चौक के पास तैनात रहती है, इसके बावजूद ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं दिख रहा है।
लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन वास्तव में ओवरलोड परिवहन पर रोक लगाना चाहता है तो दुर्ग–पाटन मुख्य मार्ग पर सेलूद चौक के समीप सीसीटीवी कैमरे और धर्मकांटा (वेटब्रिज) स्थापित किया जाना चाहिए। उनका मानना है कि इससे वाहनों की निगरानी बेहतर होगी, भार क्षमता की प्रभावी जांच हो सकेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई संभव होगी। साथ ही ओवरलोडिंग से सड़कों को होने वाले नुकसान पर भी अंकुश लगेगा।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध नियमित, पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क सुरक्षा बनी रहे और संभावित हादसों को रोका जा सके।
