शिक्षकों की कमी से जूझ रहा हायर सेकेंडरी स्कूल देवादा, विद्यार्थियों ने सरपंच से लगाई गुहार


पाटन। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल देवादा में शिक्षकों की कमी अब विद्यार्थियों की चिंता का विषय बन गई है। नियमित पढ़ाई प्रभावित होने से परेशान छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत देवादा की सरपंच लक्ष्मी नीलू वर्मा को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की।
विद्यार्थियों ने बताया कि विद्यालय में गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं अर्थशास्त्र जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं हैं। इन विषयों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सबसे अधिक परेशानी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को हो रही है, जिन्हें मार्गदर्शन के अभाव में स्वयं अध्ययन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि विद्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर का पद भी लंबे समय से रिक्त है। इससे कंप्यूटर शिक्षा के साथ-साथ ऑनलाइन शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक विषयों के शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति बेहद जरूरी है।
सरपंच लक्ष्मी नीलू वर्मा ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों से संबंधित ज्ञापन को शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान सुहानी वर्मा, भूमिका वर्मा, यशवंत कुमार, वेदिका वर्मा, डोमेंद्र वर्मा, खोमेश वर्मा, डोमन वर्मा, भवदीप साहू, शेखर वर्मा, हिना साहू, दिव्या ठाकुर, रुपाली, छाया लीना सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा, ताकि विद्यालय में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था बहाल हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *