नेशनल हाईवे 130 के सड़क किनारे धंसी, राहगीरों पर हादसे का खतरा मंडराया, विभाग और ठेकेदार की गुणवत्ता हुई उजागर,,,,,

खबर हेमंत तिवारी,,,,,,,,

राजिम/ जिले के ग्राम पंचायत श्यामनगर में पेट्रोल पंप के समीप नेशनल हाईवे पर सड़क और नाली का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। लगातार हो रही बारिश के चलते सड़क के किनारे तेज कटाव हो रहा है, जिससे यहां कभी भी बड़ा सड़क हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह मार्ग जिले का व्यस्त मार्ग है, जहां दिन-रात भारी वाहनों सहित बड़ी संख्या में छोटे वाहन भी गुजरते हैं। इसके बावजूद अब तक संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था या मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क और नाली निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण पहली ही तेज बारिश में सड़क का हिस्सा टूटने लगा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते गुणवत्तापूर्ण निर्माण और नियमित रखरखाव किया गया होता तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती।

ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी विभाग और संबंधित ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद सड़क की यह हालत निर्माण कार्य में भारी लापरवाही और गुणवत्ता की कमी को उजागर करती है।लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत कराई जाए, मौके पर सुरक्षा बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाए जाएं तथा निर्माण कार्य में हुई कथित अनियमितताओं की जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो यह क्षतिग्रस्त सड़क किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *