पाटन महाविद्यालय से सेवानिवृत होने पर प्रमोद मिश्रा को दी गई भावभीनी विदाई

पाटन। शासकीय महाविद्यालय पाटन में मंगलवार को लैब टेक्नीशियन प्रमोद कुमार मिश्रा के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विशेष बात यह रही कि श्री मिश्रा ने वर्ष 1989 में जिस महाविद्यालय से अपनी सेवा यात्रा शुरू की थी, उसी महाविद्यालय से 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त हुए।

महाविद्यालय परिसर में आयोजित विदाई समारोह में प्राचार्य डॉ. नंदा गुरुवारा, पत्रकार बलराम यादव, महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वयं सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रमोद कुमार मिश्रा थे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने श्री मिश्रा के 37 वर्षों के सेवाकाल को याद करते हुए उनकी कार्यनिष्ठा, अनुशासन और सरल व्यक्तित्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री मिश्रा ने अपने लंबे कार्यकाल में महाविद्यालय की प्रयोगशाला व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में भी सदैव सक्रिय भूमिका निभाई।

अपने संबोधन में श्री मिश्रा ने महाविद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पाटन महाविद्यालय उनके लिए केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह रहा है। यहां बिताए गए वर्षों की यादें उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेंगी।

कार्यक्रम का संचालन साधना रहटगांवकर ने किया। समारोह के अंत में महाविद्यालय परिवार की ओर से श्री मिश्रा को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *