अवैध शराब बेचने से रोकना सरपंच को पड़ा भारी, शराब कोचियों ने दी गाली-गलौज और धमकी


रानीतराई। थाना रानीतराई अंतर्गत ग्राम डीड़गा में अवैध शराब बिक्री का विरोध करना सरपंच को भारी पड़ गया। गांव में खुलेआम शराब बेचने से मना करने पर कथित शराब विक्रेता ने सरपंच के साथ गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। घटना से नाराज ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में थाना रानीतराई पहुंचकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत सौंपी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर ग्राम डीड़गा निवासी बलराम पिता आसकरण गांव में खुलेआम अवैध शराब बेच रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर सरपंच सुलोचना चंदनिया ने उसे शराब बिक्री बंद करने की समझाइश दी। आरोप है कि इस पर बलराम भड़क गया और सरपंच के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज एवं धमकी देने लगा। ग्रामीणों का आरोप है कि बलराम की बड़ी मां रजुला भी अवैध शराब बिक्री में संलिप्त है और उसने भी सरपंच के साथ दुर्व्यवहार किया।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने केवल शराब नहीं बेचने की हिदायत देकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, जबकि आरोपियों के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई से असंतुष्ट ग्रामीण रविवार को बड़ी संख्या में थाना रानीतराई पहुंचे और अवैध शराब कारोबारियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस दौरान सरपंच सुलोचना चंदनिया, जनपद प्रतिनिधि भेद प्रकाश वर्मा, रंजीत ठाकुर, गायत्री यादव, रामेश्वरी ठाकुर, नंद यादव, सावित्री बंजारे, श्रवण वर्मा, रूपेश कुमार, बृजलाल, नरेश चंदनिया, जितेंद्र ठाकुर, भोलेश्वर चंदनिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *