अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सरस्वती शिशु मंदिर तरीघाट में 200 विद्यार्थियों को निशुल्क टी-शर्ट वितरण, उत्साहपूर्वक मनाया गया योग दिवस


पाटन। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को सरस्वती शिशु मंदिर तरीघाट, विकासखंड पाटन, जिला दुर्ग में योग दिवस का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इस दौरान योग के महत्व एवं उसके स्वास्थ्य लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थियों, पालकों एवं जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग शिक्षक रामरतन धीवर ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया तथा सभी को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उपस्थित सरपंच श्रीमती चंद्रिका साहू, विद्यालय के प्रधानाचार्य देवनारायण साहू, आचार्यगण, दीदी, पालकगण तथा भैया-बहनों ने योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
विशेष आकर्षण के रूप में विद्यालय प्रबंध समिति एवं योग आयोग, छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से योगाभ्यास को प्रोत्साहित करने हेतु विद्यार्थियों को निशुल्क 200 टी-शर्ट वितरित की गईं। टी-शर्ट प्राप्त कर बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना तथा तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *