पाटन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “विश्वास के विकास के 12 वर्ष” जनकल्याण अभियान के अंतर्गत डॉ. खूबचंद बघेल सामुदायिक भवन, अटारी (नगर पंचायत पाटन) में 18 जून से 20 जून 2026 तक प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक तीन दिवसीय वृहद हितग्राही पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित समस्त जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों का अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है और ऐसे पंजीकरण शिविर इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
अपने उद्बोधन में श्रीमती कीर्ति नायक ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, मुख्यमंत्री खाद्यान्न एवं अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पात्र नागरिकों से इनका लाभ लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का उद्देश्य गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक, वरिष्ठ नागरिक एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। इसलिए सभी नागरिक इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए शिविर में पहुंचकर अपना पंजीयन अवश्य कराएं।
उक्त शिविर के प्रभारी श्री हेमंत वर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पंचायत पाटन, सहायक शिविर प्रभारी श्री मनोज कुमार रस्तोगी, नायब तहसीलदार पाटन तथा श्रीमती प्रीति गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद अमलेश्वर हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के लिए पंजीयन, मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ सरल एवं पारदर्शी तरीके से प्राप्त हो सके।
