15 लाख रुपये से अधिक के धान और बारदाना गबन मामले में समिति प्रभारी गिरफ्तार


धमधा। दुर्ग जिले के रौंदा स्थित सेवा सहकारी समिति में धान एवं बारदाना गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समिति प्रभारी को गिरफ्तार किया है। संयुक्त जांच दल की जांच में 560.28 क्विंटल धान और 2103 नग नया बारदाना कम पाया गया, जिसकी कुल कीमत 15 लाख 8 हजार 161 रुपये आंकी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में सेवा सहकारी समिति मर्यादित रौंदा द्वारा 73,952.80 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया था। खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के संयुक्त जांच दल द्वारा किए गए आकस्मिक निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन के दौरान अभिलेखों और वास्तविक भंडारण में भारी अंतर सामने आया।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना धमधा में अपराध क्रमांक 136/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) एवं 318(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान दस्तावेजी साक्ष्यों एवं गवाहों के कथनों के आधार पर समिति प्रभारी जगदीश कुमार नवरंगे (60 वर्ष), निवासी पेंड्रावन, थाना धमधा से पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार जांच में शासकीय धान एवं बारदाना के हेराफेरी और अनियमितता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने प्रकरण से संबंधित धान खरीदी एवं भंडारण के दस्तावेज, जांच प्रतिवेदन तथा अन्य अभिलेख जब्त किए हैं। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शासकीय संपत्ति, सार्वजनिक धन या सहकारी संस्थाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी तत्काल पुलिस एवं संबंधित विभाग को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
हैशटैग:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *