विश्व पर्यावरण दिवस पर एमजीयूवीवी में होगा “खेत बचाओ अभियान”


कृषि भूमि संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन पर मंथन, मंत्री रामविचार नेताम होंगे मुख्य अतिथि


पाटन। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय (एमजीयूवीवी), सांकरा-पाटन द्वारा 5 जून को “खेत बचाओ अभियान” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला सह वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, सांकरा-पाटन में सुबह 11 बजे से आयोजित होगा।
कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, कृषि उत्पादन आयुक्त निरंजन कौशल सिंह परदेशी (आईएएस) एवं ग्राम पंचायत सांकरा के सरपंच रवि सिंगौर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि आर. सक्सेना करेंगे।
विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि भूमि के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन तथा हरित विकास के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। कार्यशाला में कृषि विशेषज्ञ, शोधकर्ता एवं शिक्षाविद् खेती योग्य भूमि को बचाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के उपायों पर अपने विचार रखेंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया जाएगा। आयोजकों ने किसानों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ कृषि भूमि को सुरक्षित रखने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *