46 डिग्री की तपिश में मानवता की मिसाल: महिला आरक्षक केशर साहू ने प्यास से बेहाल वृद्धा को पिलाया पानी


दुर्ग। भीषण गर्मी और 45 से 46 डिग्री तापमान के बीच जहां आमजन घरों में रहने को मजबूर हैं, वहीं यातायात पुलिस के जवान चिलचिलाती धूप में लगातार ड्यूटी निभा रहे हैं। इसी बीच यातायात पुलिस दुर्ग की महिला नव आरक्षक केशर साहू ने मानवता और संवेदनशीलता की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी लोगों ने जमकर सराहना की।
जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 को राजेंद्र पार्क चौक में ड्यूटी के दौरान महिला नव आरक्षक केशर साहू ने एक वृद्ध महिला को प्यास से व्याकुल अवस्था में देखा। वृद्धा की हालत को देखते हुए उन्होंने बिना देर किए अपने पास मौजूद पानी से उन्हें राहत पहुंचाई। तेज धूप में मिली इस मदद से वृद्ध महिला को काफी राहत मिली।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने महिला आरक्षक के इस मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था ही नहीं संभालती, बल्कि जरूरत पड़ने पर मानवीय संवेदनाओं का भी परिचय देती है।
यातायात पुलिस दुर्ग लगातार भीषण गर्मी में शहर की यातायात व्यवस्था संभालने के साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता भी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जवान कठिन परिस्थितियों में भी पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में पर्याप्त पानी पिएं, धूप से बचाव करें और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *