दुर्ग। दुर्ग जिला पुलिस के थाना खुर्सीपार क्षेत्र स्थित दीन दयाल उपाध्याय स्टेडियम में क्रिकेट मैच के दौरान स्वयं को गृह मंत्री का ओएसडी बताकर खिलाड़ियों को धमकाने और अभद्र व्यवहार करने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 25 मई को आयोजित क्रिकेट मैच के दौरान आरोपी सर्वेश सिंह खिलाड़ियों पर रौब जमाते हुए खुद को माननीय गृह मंत्री का ओएसडी बता रहा था। इस दौरान उसने खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए डराने-धमकाने का प्रयास किया। मामले की शिकायत जय प्रकाश ने 27 मई को थाना खुर्सीपार में दर्ज कराई।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 42/102/2026 के तहत धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी को अनुविभागीय दण्डाधिकारी छावनी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान सर्वेश सिंह (38 वर्ष) निवासी नेताजी चौक लिंक रोड, थाना जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा स्वयं को प्रभावशाली व्यक्ति बताकर खिलाड़ियों पर दबाव बनाने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा था। कार्रवाई में थाना खुर्सीपार पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
दीन दयाल उपाध्याय स्टेडियम में हुई इस घटना के बाद दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक कृत्य की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
गृह मंत्री का ओएसडी बन खिलाड़ियों को धमकाया, आरोपी जेल भेजा
