07 मिनट में जिंदगी की दौड़ जीती: दुर्ग पुलिस ने बनाया ग्रीन कॉरिडोर, गंभीर मरीज पहुंचा अस्पताल


दुर्ग। पुलिस की यातायात टीम ने मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए मंगलवार को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एक गंभीर मरीज को महज 07 मिनट में अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, बीएम शाह हॉस्पिटल में भर्ती सलीम अली (38 वर्ष) निवासी सेक्टर-02 की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए शंकराचार्य हॉस्पिटल रेफर किया गया। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस दुर्ग की टीम सक्रिय हो गई और सुपेला से जुनवानी तक ग्रीन कॉरिडोर तैयार कर एम्बुलेंस को बिना किसी बाधा के सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराया।
पूरे मार्ग में यातायात को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने एम्बुलेंस को तेजी से अस्पताल तक पहुंचाया, जिससे मरीज को समय पर उपचार मिल सका। इस दौरान यातायात पुलिस की त्वरित समन्वय क्षमता और सजग व्यवस्था की सराहना की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को हमेशा प्राथमिकता देते हुए तत्काल साइड दें, ताकि गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *